आर्ष विद्या समाज का पश्चिम बंगाल केंद्र साकार हुआ!
दुर्गापुर:
आर्ष विद्या समाज के नए सेवा एवं कार्यकेंद्र का उद्घाटन 27 जून 2026 (शनिवार) को दोपहर 12:25 बजे पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर आचार्यश्री मनोज जी महाराज, श्री देवदत्त माजी जी (BJP नेता एवं सिंहवाहिनी के अध्यक्ष), श्रीमती रेखा लखोटिया जी (अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन, पश्चिम बंगाल की प्रदेश अध्यक्ष) तथा श्री आर्यंत कुमार जी (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विभाग व्यवस्था प्रमुख) ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।



मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित BJP नेता एवं सिंहवाहिनी के अध्यक्ष श्री देवदत्त माजी जी ने प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्ष विद्या समाज के संस्थापक एवं निदेशक आचार्यश्री के. आर. मनोज जी महाराज ने की।
इस अवसर पर दुर्गापुर पूर्व के विधायक श्री चंद्रशेखर बनर्जी जी, भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता श्री जयनाथ चौबे जी, श्रीमती रेखा लखोटिया जी तथा श्री आर्यंत कुमार बोरार जी ने अपने शुभकामना संदेश प्रदान किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृष्णप्रिया जी द्वारा ईश्वर प्रार्थना से हुआ। आर्ष विद्या समाज की प्रथम महिला प्रचारिका ओ. श्रुति जी ने स्वागत भाषण दिया तथा डॉ. अनघा जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। अंत में श्रुति जी द्वारा “वंदे मातरम्” के गायन एवं मंगल आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
उद्घाटन समारोह पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित आई.क्यू. सिटी के बिल्डिंग नं. MC-2, 9वीं मंजिल में दोपहर 12:25 बजे से 1:40 बजे तक आयोजित किया गया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे।


आर्ष विद्या समाज, सनातन धर्म के पंचमहाकर्तव्यों के पालन के माध्यम से “विश्व को श्रेष्ठ बनाना” इस महान ध्येय की पूर्ति हेतु निरंतर कार्यरत है। समाज द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक, सेवा, सशक्तिकरण एवं संरक्षण संबंधी गतिविधियाँ अब पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर केंद्र के नेतृत्व में भी व्यापक रूप से संचालित की जाएँगी, ऐसा आयोजकों ने बताया।








